भोपाल (टीवी न्यूज़ इंडिया)- महंगे स्मार्ट फोन की ख्वाहिश पूरी न होने पर 22 वर्ष की महिला ने बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात अपने घर में फांसी लगा ली। घटना के समय कमरे में उसकी दुधमुंही बच्ची सो रही थी। बच्ची के बिलखने पर पति ने दरवाजा खटखटाया, तब घटना का पता चला। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला कि युवती ने पति से महंगा स्मार्ट फोन लाने की डिमांड की थी,लेकिन बजट नहीं होने के कारण वह एक साधारण फोन खरीद कर ले आया था। इस मुद्दे पर बुधवार को पति-पत्नी का विवाद हुआ था।
पिपलानी इलाके में हुई इस घटना में पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पिपलानी पुलिस के मुताबिक पूजा पत्नी विशाल आर्ट(22) मूलतः सीहोर की रहने वाली थी। 3 साल पहले उसकी शादी आनंद नगर स्थित 186,अशोक विहार कॉलोनी में रहने वाले विशाल से हुई थी। मामले की जांच कर रहे एएसआई शिरोमणिसिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले पूजा का मोबाइल फोन खराब हो गया था। पूजा ने अपने लिए 15 हजार रुपए कीमत का स्मार्ट फोन पसंद किया था।
लेकिन बजट कम होने के कारण विशाल पत्नी के लिए 7 हजार रुपए कीमत का सस्ता फोन ले आया। इससे पूजा नाराज हो गई थी। इस मुद्दे पर बुधवार को पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया था। इसके बाद पूजा अपनी बच्ची के साथ कमरे में सोने चली गई और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया था। विशाल बरामदे में बिस्तर लगाकर सो गया था। रात करीब डेढ़ बजे बच्ची के लगातार रोने से विशाल की नींद खुल गई। दरवाजा खटखटाने पर भी जब पूजा ने कोई जवाब नहीं दिया,तो विशाल ने खिड़की से झांककर कमरे में देखा। पूजा ने पंखे से दुपट्टा बांधकर फांसी लगा ली थी। इसके बाद पूजा को लेकर नजदीक के अस्पताल पहुंचे,वहां चैक करने के बाद डॉक्टर ने पूजा को मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस मामले में अभी पूजा के मायके वालों के बयान दर्ज नहीं हुए हैं।
****टीवी एन ब्यूरो****